Ticker

6/recent/ticker-posts

मेहनत का जश्न, सफलता का सम्मान: जीएन कॉन्वेंट में टॉपर्स ने रचा इतिहास

गढ़वा।शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत नींव होती है। इसी विचार को साकार करते हुए शुक्रवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, नई दिल्ली से सीनियर सेकेंडरी तक संबद्ध जीएन कॉन्वेंट स्कूल परिसर में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के टॉपर विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, गर्व और प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा।
समारोह की शुरुआत कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुई, जिससे पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक, प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कक्षा 12वीं में पलक अग्रवाल ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने बायोलॉजी में 97%, केमिस्ट्री में 95% एवं फिजिक्स में 90% अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं करण कुमार (85%), अंकित राज (84%), ऋषभ राज (83%), गौतम कुमार गुप्ता (82%), अनुराग कुमार (81%) एवं आयुष कुमार सिंह (79%) ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
कक्षा 10वीं में अनुष्का कुमारी ने 92% अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। कोमल कुमारी (90%), कुमकुम कुमारी (85%), स्मृति भाग्यश्री (82%), प्रीतम दुबे (80%), चिराग कुमार चौबे एवं शिरोमणि कुमारी (76%), अमन शर्मा (75%), आयुष कश्यप (74%) सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी टॉपर्स को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के चेहरे पर आत्मविश्वास और खुशी स्पष्ट झलक रही थी।
विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि जीएन कॉन्वेंट स्कूल गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा देने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता को उनकी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने जिला टॉपर पलक अग्रवाल एवं उनके माता-पिता की सराहना करते हुए इसे पूरे जिले के लिए गौरव की बात बताया।
उपप्राचार्य बसंत ठाकुर ने कहा कि सफलता निरंतर मेहनत और अनुशासन का परिणाम होती है। वहीं शिक्षिका नीरा शर्मा ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
जिला टॉपर पलक अग्रवाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया। वहीं छात्रा स्मृति भाग्यश्री ने भी शिक्षकों के मार्गदर्शन को अपनी सफलता का आधार बताया।
अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां शिक्षा के साथ संस्कार भी दिए जा रहे हैं, जिसका परिणाम आज स्पष्ट रूप से सामने है।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। समारोह ने यह संदेश दिया कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments