आर के पब्लिक स्कूल, गढ़वा में सीबीएसई पटना द्वारा क्षमता निर्माण कार्यक्रम (सीबीपी) के अंतर्गत “यूज ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन क्लास रूम” विषय पर एक दिवसीय शिक्षक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में आरकेपीएस गढ़वा सहित अधौरा श्रीवंशीधर नगर एवं उंचरी मंझिआंव के लगभग 60 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ आरके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन सह शिक्षाविद् अलखनाथ पाण्डेय, प्राचार्य संतोष पाण्डेय एवं रिसोर्स पर्सन आर झा व नितीन राज द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। प्राचार्य द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया, वहीं छात्राओं ने संगीत शिक्षिका अनु सिन्हा के निर्देशन में स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
अपने संबोधन में चेयरमैन अलखनाथ पाण्डेय ने कहा कि कक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव ला रहा है। इससे शिक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावशाली, व्यक्तिगत और तकनीकी रूप से उन्नत बन रही है। उन्होंने शिक्षकों को समय के साथ तकनीकी रूप से अपडेट रहने और विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की।
रिसोर्स पर्सन ने कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को AI की अवधारणा, महत्व एवं शिक्षा में उसके उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि AI की मदद से पाठ योजना निर्माण, प्रश्नपत्र तैयार करना, मूल्यांकन, वर्कशीट बनाना एवं विद्यार्थियों की प्रगति का विश्लेषण अधिक सरल हो जाता है। साथ ही चैटबॉट, वर्चुअल असिस्टेंट एवं ऑटोमेटेड ग्रेडिंग सिस्टम जैसे टूल्स शिक्षकों के कार्य को आसान बनाते हैं और छात्रों को तुरंत सहायता प्रदान करते हैं।
कार्यशाला में AI के नैतिक उपयोग, डेटा गोपनीयता और डिजिटल साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न AI आधारित शैक्षणिक टूल्स का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया, जिससे शिक्षकों को तकनीक के उपयोग की वास्तविक समझ मिली।
यह प्रशिक्षण सत्र पूर्णतः संवादात्मक रहा, जिसमें शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए अपने अनुभव साझा किए और प्रश्न पूछे। सभी प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में AI आधारित शिक्षण को अपनाने की इच्छा व्यक्त की।
कार्यक्रम का समापन ग्रुप फोटोग्राफी के साथ हुआ। इस अवसर पर अनुप कुमार पाण्डेय, नसरीन हक, देवेन्द्र सिंह, राजेश कुमार, शैला खान, रुपेश पाण्डेय, आशीष कुमार, विकास तिवारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
0 Comments