Ticker

6/recent/ticker-posts

ईंधन बचत को लेकर साइकिल पर निकले डॉ. पातंजली केशरी, लोगों से की संयम बरतने की अपील

गढ़वा : वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच ईंधन की बढ़ती खपत को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. पातंजली केशरी ने एक अनोखी पहल करते हुए साइकिल से अपने कार्यस्थलों तक आवागमन कर लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के आह्वान का समर्थन करते हुए आमजन से भी संयम बरतने की अपील की।
डॉ. केशरी ने कहा कि वर्तमान समय में होर्मुज संकट और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण ईंधन पर दबाव बढ़ा है। ऐसे में उन्होंने स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए क्लीनिक और अस्पताल तक साइकिल से आना-जाना शुरू किया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्थानीय स्तर पर पैदल या साइकिल का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा लंबी दूरी की यात्रा के लिए ही निजी वाहनों का सहारा लें।
उन्होंने यह भी कहा कि चिकित्सा, शिक्षा, बैंक, समाहरणालय समेत सरकारी और निजी कार्यालयों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल बढ़ाना चाहिए, जिससे ईंधन की बचत हो सके। डॉ. केशरी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने भी अपने काफिले की गाड़ियों में 50 प्रतिशत तक कटौती कर एक सकारात्मक संदेश दिया है।
डॉ. केशरी ने इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि सही ड्राइविंग आदत अपनाकर 10 से 25 प्रतिशत तक ईंधन की बचत संभव है। इससे न केवल आर्थिक बचत होगी, बल्कि प्रदूषण में कमी आएगी और लोगों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद बदले वैश्विक माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियों में हर नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करे और देश के हित में सहयोग करे।

Post a Comment

0 Comments