गढ़वा। मातृ दिवस के अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा द्वारा एक सराहनीय सामाजिक पहल करते हुए खजूरी वीर पर्वत स्थित आदिवासी बहुल टोला में सैकड़ों महिलाओं एवं बच्चों के बीच साड़ी और बिस्किट का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम ग्रुप के निवर्तमान अध्यक्ष राकेश केसरी की माताजी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रुप अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मातृ दिवस के दिन इस तरह का सेवा कार्य एक सुखद संयोग है और राकेश केसरी द्वारा अपनी माता की स्मृति में आदिवासी महिलाओं के बीच साड़ी वितरण करना अत्यंत प्रेरणादायक है।
जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन फेडरेशन-8 के पूर्व अध्यक्ष विनोद कमलापुरी ने कहा कि जायंट्स परिवार हमेशा जरूरतमंदों की सेवा में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्य से आत्मसंतुष्टि का अनुभव होता है। वहीं फेडरेशन उपाध्यक्ष नंदकुमार गुप्ता ने मातृत्व के निस्वार्थ प्रेम की चर्चा करते हुए कहा कि माताओं के सम्मान में आयोजित यह कार्यक्रम पूरे संगठन के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम के प्रायोजक राकेश केसरी ने बताया कि वे प्रत्येक वर्ष अपने माता-पिता की स्मृति में इस प्रकार का सेवा कार्य करते हैं और आगे भी इसे जारी रखेंगे। प्रोजेक्ट चेयरमैन मनदीप प्रसाद ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जायंट्स के सभी सदस्य समर्पित भाव से पीड़ित मानवता की सेवा में लगे हुए हैं।
इस अवसर पर जायंट्स के पूर्व अध्यक्ष ध्रुव केसरी, विनोद गुप्ता, प्रशासनिक निदेशक अशोक विश्वकर्मा, पूर्व वित्त निदेशक अशोक केसरी एवं स्थानीय मुखिया कांत दुबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।