गढ़वा। मदर्स डे के अवसर पर आर के पब्लिक स्कूल सोनपुरवा में रविवार को शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी सह पीटी-1 परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन विद्यालय सभागार में किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्र-छात्राओं के अभिभावकों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गान एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यालय के निदेशक सह शिक्षाविद् अलखनाथ पाण्डेय एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने माहौल को भावपूर्ण बना दिया।
अपने संबोधन में निदेशक अलखनाथ पाण्डेय ने सभी माताओं एवं अभिभावकों को मदर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 1994 में स्थापना के बाद से विद्यालय शिक्षा, अनुशासन और संस्कार के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। यहां का उद्देश्य केवल अंक प्राप्ति नहीं, बल्कि बच्चों को जिम्मेदार और संस्कारित नागरिक बनाना है।
उन्होंने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य निर्माण में माता-पिता की भूमिका सबसे अहम होती है। अभिभावकों को बच्चों के समय प्रबंधन, पढ़ाई और व्यवहार पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आगाह किया कि आज के दौर में बच्चे मोबाइल, सोशल मीडिया और इंटरनेट की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं, जिससे उनका मानसिक और शैक्षणिक विकास प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, “मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता।” अभिभावकों से अपील करते हुए उन्होंने बच्चों को स्मार्टफोन, चैट जीपीटी एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से दूर रखते हुए स्वाध्याय और पुस्तकों की ओर प्रेरित करने की बात कही। साथ ही बच्चों की संगति, रीडिंग-राइटिंग स्किल और अनुशासन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मदर्स डे पर आधारित गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित अभिभावकों को भावुक कर दिया। इसके पश्चात विभिन्न कक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं के नामों की घोषणा कर उन्हें सम्मानित किया गया। अभिभावकों को बच्चों की उत्तरपुस्तिकाएं भी दिखायी गईं, जिससे वे उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन कर सकें।
अंत में मदर्स डे के उपलक्ष्य में महिला अभिभावकों एवं शिक्षिकाओं द्वारा केक काटकर उत्सव मनाया गया। इस दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में भी अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में निदेशक ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर प्रशासनिक इंचार्ज पीके झा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित थे।
0 Comments