Ticker

6/recent/ticker-posts

14 स्कूल, 106 खिलाड़ी और शानदार मुकाबले—गढ़वा में टेबल टेनिस का बढ़ता क्रेज

गढ़वा:गढ़वा जिला टेबल टेनिस संघ के तत्वाधान में आयोजित 15वीं गढ़वा जिला अंतर स्कूल टेबल टेनिस प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को अग्रणी बैंक प्रबंधक सत्यदेव रंजन, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार पाठक, संघ के अध्यक्ष मदन प्रसाद केशरी, उपाध्यक्ष धनंजय सिंह एवं सचिन आनंद सिन्हा सहित अन्य अतिथियों ने पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर एलडीएम सत्यदेव रंजन ने कहा कि टेबल टेनिस अब गढ़वा जिले की नई पहचान बन चुकी है। संघ के प्रयासों से इस खेल को घर-घर तक पहुंचाया गया है और सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि गढ़वा की असली पूंजी यहां के प्रतिभाशाली बच्चे हैं।
जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र पाठक ने खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स साइंस लैब का लाभ लेने की सलाह देते हुए कहा कि इससे उनकी क्षमता का सही आकलन होगा और वे अपने खेल में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करने का संदेश दिया।
संघ के अध्यक्ष मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि खिलाड़ियों, अभिभावकों और पदाधिकारियों के संयुक्त प्रयास से टेबल टेनिस को नई ऊंचाई मिली है। वहीं उपाध्यक्ष धनंजय सिंह ने गढ़वा को खेल प्रतिभाओं की भूमि बताते हुए खिलाड़ियों को पढ़ाई के साथ खेल में भी समर्पण दिखाने की अपील की।
सचिन आनंद सिन्हा ने बताया कि प्रतियोगिता में 14 स्कूलों के 106 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्ग में भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन कोषाध्यक्ष सह कोच कमलेश कुमार दुबे ने किया।
प्रतियोगिता के परिणाम:ओपन बालक वर्ग में हर्षित कुमार पांडे चैंपियन बने, जबकि बालिका वर्ग में अंजलि कुमारी ने खिताब अपने नाम किया। टीम चैंपियनशिप में बालिका वर्ग में बालिका उच्च विद्यालय तथा बालक वर्ग में गोविंद उच्च विद्यालय विजेता रहा।
अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 वर्गों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीते। ओपन डबल्स बालिका वर्ग में अंजलि कुमारी एवं आयुषी कुमारी पांडे की जोड़ी तथा बालक वर्ग में हर्षित कुमार पांडे एवं सचिन कुमार की जोड़ी विजेता रही।
समारोह में संघ के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments