गढ़वा : चिरौजिया मोड़ स्थित राधिका नेत्रालय में मंगलवार को आयोजित निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ। जिला अंधापन नियंत्रण समिति एवं राधा लक्ष्मी ट्रस्ट (लायंस क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में 20 मरीजों का सफल ऑपरेशन कर लेंस प्रत्यारोपण किया गया, जिससे उनकी आंखों की रोशनी वापस लौट सकी।
नेत्रालय के संस्थापक डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि पहले लोगों में यह भ्रांति थी कि गर्मी के मौसम में मोतियाबिंद का ऑपरेशन नहीं कराया जा सकता, लेकिन आधुनिक तकनीक के कारण अब सालभर सुरक्षित रूप से ऑपरेशन संभव है। उन्होंने कहा कि इस शिविर का लाभ न केवल गढ़वा बल्कि पलामू के सीमावर्ती क्षेत्रों से आए मरीजों को भी मिला।
उन्होंने जानकारी दी कि नेत्रालय में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मोतियाबिंद की निःशुल्क जांच की जाती है, ताकि मरीज समय पर उपचार प्राप्त कर सकें। डॉ. कुमार ने लोगों से अपील की कि आंखों से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें और समय पर जांच अवश्य कराएं।
शिविर के सफल आयोजन में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं बताया।
0 Comments