गढ़वा। मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म मानते हुए अग्रवाल परिवार द्वारा प्रत्येक शनिवार की तरह इस शनिवार को भी रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर के समीप सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच प्रसाद स्वरूप खिचड़ी का वितरण किया गया। सेवा और समर्पण की यह अनवरत मुहिम अब अपने 124वें सप्ताह में पहुंच चुकी है, जो समाज के प्रति परिवार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का परिचायक बन गई है।
इस अवसर पर जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भोजन वितरित किया गया। सेवा कार्य में अग्रवाल परिवार के हर्ष अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल तथा समाजसेवी विनय कश्यप ने सक्रिय भूमिका निभाई। उपस्थित लोगों ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
हर्ष अग्रवाल ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना उनके परिवार की परंपरा और संस्कार का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि समाज का सहयोग और भगवान का आशीर्वाद मिलता रहा तो यह सेवा अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
वहीं समाजसेवी विनय कश्यप ने कहा कि भूखे और जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। अग्रवाल परिवार द्वारा लगातार 124 सप्ताह तक सेवा कार्य करना समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने लोगों से भी ऐसे सेवा कार्यों में आगे आने की अपील की।