गढ़वा (भंडरिया):सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरिया के प्रांगण में बुधवार को TAS-1 (ट्रांसमिशन असेसमेंट सर्वे) के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपप्रमुख श्रद्धा देवी एवं सांसद प्रतिनिधि निरंजन सिन्हा की विशेष सहभागिता रही। इस अभियान के तहत प्रखंड के 54 स्कूलों में कुल 909 बच्चों की फाइलेरिया जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अब तक 24 स्कूलों में 311 बच्चों की जांच की जा चुकी है, जिनमें सभी बच्चे नेगेटिव पाए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने इसे एक सकारात्मक संकेत बताते हुए अभियान को पूरी गंभीरता से सफल बनाने पर जोर दिया।
इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक का भी आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य कर्मी अभियान को समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से पूर्ण करें।
बैठक में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक रामाकांत राय, प्रखंड लेखा प्रबंधक पंकज सिंह, एमओएस अजय पटेल, बीडीएम सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति रही। सभी ने सामूहिक रूप से स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
0 Comments