गढ़वा। जायंट्स ग्रुप गढ़वा की ओर से चलाए जा रहे सेवा सप्ताह कार्यक्रम के तीसरे दिन शनिवार को जीएन कॉन्वेंट स्कूल में अंगदान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रुप के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने की। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के दौरान जायंट्स ग्रुप के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विद्यार्थियों को अंगदान के महत्व, प्रक्रिया तथा इससे जीवन बचाने में होने वाले योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि अंगदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना आज की आवश्यकता है। जानकारी के अभाव और फैली भ्रांतियों के कारण कई लोग अंगदान से पीछे हट जाते हैं, जबकि यह एक अत्यंत मानवीय और जीवनदायी पहल है।
कार्यक्रम में बताया गया कि एक व्यक्ति जीवित अवस्था में अपनी एक किडनी तथा लीवर का कुछ हिस्सा दान कर सकता है। वहीं मरणोपरांत या ब्रेन डेड स्थिति में हृदय, फेफड़ा, किडनी, लीवर, पैनक्रियाज, आंखें, त्वचा एवं ऊतक सहित कई अंग जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन दे सकते हैं।
पदाधिकारियों ने कहा कि अंगदान वास्तव में “महादान” है, और इसके प्रति समाज के हर वर्ग में जागरूकता फैलाना आवश्यक है। विद्यार्थियों के माध्यम से यह संदेश परिवार और समाज तक प्रभावी रूप से पहुंच सकता है। सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय सेवा के प्रति प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन फेडरेशन-8 के पूर्व अध्यक्ष विनोद कमलापुरी, एम.पी. केशरी, मनोज केसरी (हिंदुस्तान सैनिटरी), मनोज केसरी (पोस्ट ऑफिस), अवधेश कुशवाहा, मंदीप सोनी, अशोक विश्वकर्मा, चंद्रभूषण सिन्हा, अशोक केशरी, सुनील अग्रवाल सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
0 Comments