Ticker

6/recent/ticker-posts

गढ़वा के साइकिलिस्टों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जलवा, दो स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

गढ़वा : 13वीं झारखंड राज्य स्तरीय रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता 2026 में गढ़वा जिले के बालक-बालिका साइकिलिस्टों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। यह पहली बार है जब राज्य स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता में गढ़वा के खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता में रेखा कुमारी ने यूथ गर्ल्स वर्ग की 5 किलोमीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया, वहीं आशीष कुमार ने सब-जूनियर वर्ग की 10 किलोमीटर स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इन दोनों खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिले भर में खुशी की लहर दौड़ गई। खेल जगत से जुड़े पदाधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बधाई देने वालों में पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, गढ़वा जिला साइक्लिंग संघ के शैलेंद्र पाठक, अनिल पांडे, अरविंद दुबे, ओमप्रकाश गुप्ता, गढ़वा जिला ओलंपिक संघ के संरक्षक राकेश पाल, अनिता दत्त, रेखा चौबे, वरीय उपाध्यक्ष उदय नारायण तिवारी, सचिव आलोक मिश्रा, राघवेंद्र नारायण सिंह, ओमप्रकाश तिवारी, रामप्रवेश तिवारी, सुशील तिवारी, नितिन तिवारी, अजयकांत, किशोर कुणाल, दीपक कुमार, चंद्र बहादुर सिंह, सत्येंद्र यादव सहित कई खेल संघों के पदाधिकारी शामिल रहे।
इस संबंध में जानकारी गढ़वा जिला साइक्लिंग संघ के कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने दी।

Post a Comment

0 Comments