Ticker

6/recent/ticker-posts

आर. के. पब्लिक स्कूल में हिंदी दिवस पर गूंजा हिंदी का गौरव, छात्रों ने दिखाई प्रतिभा का जलवा

गढ़वा। आर.के. पब्लिक स्कूल, गढ़वा में हिंदी दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में हिंदी में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक सह प्रख्यात शिक्षाविद् श्री अलखनाथ पांडेय द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं वीणावादिनी मां सरस्वती के वंदन के साथ किया गया। इस दौरान पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
अपने संबोधन में निदेशक श्री पांडेय ने सभी को हिंदी दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हिंदी जनमानस की भावनाओं को सीधे व्यक्त करने वाली भाषा है जो दिल को छूती है।
उन्होंने आगे कहा कि हिंदी विश्व की तीसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है और आज लगभग 200 से अधिक विश्वविद्यालयों में इसकी पढ़ाई हो रही है। गूगल, फेसबुक, यूट्यूब एवं एआई जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी हिंदी की मजबूत उपस्थिति है, जो यह दर्शाता है कि भविष्य हिंदी का है। आज यूपीएससी, बैंकिंग, चिकित्सा, मीडिया, अनुवाद, कंटेंट राइटिंग एवं सिनेमा सहित अनेक क्षेत्रों में हिंदी विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अनुप कुमार पांडेय द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि हिंदी का प्रयोग करना हीनता नहीं, बल्कि गर्व का विषय है। यह विश्व की सबसे सरल, सहज एवं समृद्ध भाषाओं में से एक है। हम सभी का कर्तव्य है कि इसके प्रचार-प्रसार में योगदान दें।
इस अवसर पर विद्यालय में सुलेख, काव्य पाठ, कथा वाचन, निबंध लेखन, पोस्टर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम में प्राचार्य संतोष पांडेय, गीता पांडेय, संजय कुमार, इम्तियाज खान, नंदलाल गुप्ता, अभिमन्यु शुक्ला, धीरज पांडेय, संदीप ठाकुर सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments