डंडई। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रारो गांव के बाजार प्रांगण में रविवार को आगामी दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर ग्रामीणों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा की तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का संचालन दिलदार सिंह ने किया।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने दुर्गा पूजा आयोजन को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सामूहिक सहयोग से संपन्न कराने पर बल दिया। ग्रामीणों ने कहा कि यह क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जिसे आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व से ही आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में पूजा संचालन के लिए कमेटी गठन का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। इसके तहत विनोद यादव उर्फ उंदल यादव को अध्यक्ष तथा दिलदार सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया। ग्रामीणों ने नवगठित कमेटी के साथ मिलकर पूजा की तैयारियों को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
साथ ही बैठक में आयोजन को सफल बनाने हेतु सभी ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदारियों के वितरण पर भी चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि दुर्गा पूजा को श्रद्धा, उत्साह एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में रंजीत कुमार विश्वकर्मा, कमलेश कुमार यादव, विनोद कुमार यादव, अनिल कुमार यादव, चंद्रिका यादव, उमेश कुमार यादव सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने आगामी दुर्गा पूजा को आपसी सहयोग एवं सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया।
0 Comments