Ticker

6/recent/ticker-posts

तेजस्विनी’ युवती सम्मेलन को लेकर अभाविप की जोरदार तैयारी, अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान

गढ़वा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), गढ़वा के तत्वावधान में “तेजस्विनी – नारी तू नारायणी” युवती सम्मेलन को लेकर जोरदार तैयारियाँ चल रही हैं। नारी शक्ति, प्रतिभा, नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास को केंद्र में रखकर आयोजित होने वाले इस विशेष सम्मेलन को लेकर परिषद कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापक स्तर पर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है, ताकि जिले की अधिक से अधिक छात्राएँ, युवतियाँ एवं महिलाएँ इसमें सहभागिता कर सकें।
यह सम्मेलन आगामी 26 सितंबर 2026 को प्रातः 10:30 बजे बंधन मैरिज हॉल, नवादा मोड़, गढ़वा में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर रविवार को पोस्टर विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक शिल्पा साक्षी ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य युवतियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा समाज में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान “प्रतिभाशाली महिला सम्मान एवं अभिनंदन समारोह” भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह समाज में सकारात्मक योगदान देने वाली महिलाओं को प्रोत्साहन प्रदान करेगा।
अभाविप पदाधिकारियों ने कहा कि “तेजस्विनी” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने का एक सशक्त मंच है। इस आयोजन के माध्यम से युवतियों में सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजन को सफल बनाने हेतु अभाविप कार्यकर्ता लगातार विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं क्षेत्रों में संपर्क कर रहे हैं और युवतियों को सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।
इस अवसर पर रागिनी कुमारी, आस्था तिवारी सहित कई छात्राएँ उपस्थित रहीं।

Post a Comment

0 Comments