गढ़वा। ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, गढ़वा में देशभक्ति और उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक अनूप सोनी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन सदस्य धीरज राज एवं प्रधानाचार्य डॉ. निरकेष शर्मा ने तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया और उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च पास्ट परेड का प्रदर्शन किया। इसके उपरांत बच्चों ने “हम सब भारतीय हैं”, “देश रंगीला” एवं “नन्हा मुन्ना राही हूँ” जैसे देशभक्ति गीतों के साथ-साथ भाषण, कविता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक अनूप सोनी ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराया तथा देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं, प्रधानाचार्य डॉ. निरकेष शर्मा ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता, अनुशासन, जिम्मेदारी और देशप्रेम का महत्व समझाते हुए कहा कि एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
विद्यालय के विज्ञान शिक्षक प्रवीण दुबे ने अपने संबोधन में पलामू के स्वतंत्रता सेनानी नीलाम्बर-पीताम्बर एवं फेतल सिंह खेरवाड़ा के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने देश की प्रगति, शांति और समृद्धि के लिए संकल्प लिया। पूरे विद्यालय परिसर में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से देशभक्ति का उत्साह गूंजता रहा।
0 Comments