गढ़वा : जश्ने आजादी से पूर्व “हर घर तिरंगा” अभियान को लेकर गढ़वा जिले में देशभक्ति का अनोखा संदेश देने वाले समाजसेवी शौकत खान एक बार फिर चर्चा में हैं। अब तक तीन लाख से अधिक नागरिकों को तिरंगा भेंट कर चुके शौकत खान ने शनिवार सुबह 6 बजे गढ़वा के कल्याणपुर स्थित बिरसा मुंडा पार्क में राष्ट्रीय तिरंगा सम्मान समारोह का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम में सीआरपीएफ 172 बटालियन के कमांडेंट अजय वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके पहुंचने पर शौकत खान और फिजिकल एकेडमी के डायरेक्टर अभिषेक कुमार ने पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। इस दौरान बच्चों ने “भारत माता की जय” के नारों से माहौल देशभक्ति से भर दिया।
कार्यक्रम में गढ़वा फिजिकल एकेडमी के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि के साथ संयुक्त रूप से तिरंगा भेंट कर सम्मानित किया गया। अभिषेक कुमार द्वारा संचालित इस एकेडमी में सेना, झारखंड पुलिस, होमगार्ड व अन्य सेवाओं के लिए युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाता है, जहां से कई छात्र सफलता भी प्राप्त कर चुके हैं।
मुख्य अतिथि अजय वर्मा ने अपने संबोधन में बच्चों को सेना व पुलिस में भर्ती से जुड़ी बारीक जानकारियां दीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं शौकत खान ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन देश, सेना और शहीदों के सम्मान के लिए समर्पित कर दिया है और वे निरंतर निस्वार्थ सेवा करते रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रगान गाया। मौके पर साजिद खान सहित सैकड़ों नागरिक उपस्थित थे।
0 Comments