Ticker

6/recent/ticker-posts

राष्ट्रीय खेल दिवस पर गढ़वा में फुटबॉल का ऐतिहासिक फाइनल, 80 टीमों के महाकुंभ का गौरवपूर्ण समापन

गढ़वा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्थानीय फुटबॉल स्टेडियम में पिछले डेढ़ माह से चल रहे गढ़वा जिला अंतर स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मैच सह पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर डीडीसी प्रेमलता मुर्मू, एसपी आशुतोष शेखर, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, डीएफओ एबिन बेनी अब्राहम, जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार, प्रतियोगिता के अध्यक्ष अलखनाथ पांडे एवं सचिव मदन प्रसाद केशरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीडीसी प्रेमलता मुर्मू ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि डेढ़ माह तक चले इस प्रतियोगिता का सफल समापन जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करेगा। जिला प्रशासन खेल को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने खिलाड़ियों को जीत और हार को समान रूप से स्वीकार करने की सीख दी।
एसपी आशुतोष शेखर ने कहा कि इस प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान किया है। वहीं अपर समाहर्ता विकास कुमार राय ने जिला खेल पदाधिकारी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
डीएफओ एबिन बेनी अब्राहम ने खिलाड़ियों को खेल जारी रखने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के अध्यक्ष अलखनाथ पांडे ने कहा कि जिला प्रशासन एवं जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के सहयोग से पहली बार इतने बड़े स्तर पर स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिससे जिले में फुटबॉल का माहौल पुनः विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि खेल जितना बढ़ेगा, समाज उतना ही स्वस्थ बनेगा।
प्रतियोगिता के सचिव मदन प्रसाद केशरी ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों की 80 टीमों के करीब 1500 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने इस आयोजन की सफलता के लिए जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार के प्रयासों की सराहना की। जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि सितंबर माह में फुटबॉल कोचिंग हेतु चयन शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इस मौके पर जिले के पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी विनोद जायसवाल, रंजीत सिंह, ओमप्रकाश, कार्यकारी सचिव आनंद कुमार सिन्हा, पेफी गढ़वा के जिला समन्वयक कमलेश कुमार दुबे, सह सचिव प्रिंस सोनी, मैदान प्रभारी अभिषेक द्विवेदी, फुटबॉल कोच सोनी कुमारी, टेक्निकल टीम के जिनाहुद्दीन खान, धर्मराज भारती, आनंद यादव, मनोज तिवारी, मोजीबुद्दीन खान, आशीष कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के कोच, मैनेजर एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments