गढ़वा। जिले के मान्यता प्राप्त जीएन कॉन्वेंट स्कूल में शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत कक्षा 1 में नामांकन के लिए 3 सीटें रिक्त हैं। इन सीटों पर नामांकन हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 5 सितंबर निर्धारित की गई है।
निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 की धारा 12(1)(C) एवं विभागीय अधिसूचना संख्या-237 दिनांक 16 फरवरी 2016 के अनुपालन में गैर सरकारी सहायता प्राप्त निजी विद्यालयों में प्रवेश कक्षा में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित होती हैं। इसके तहत पड़ोस के 1 किमी, 3 किमी अथवा 6 किमी दूरी सीमा के अंतर्गत आने वाले अभिवंचित एवं कमजोर वर्ग के बच्चों को नामांकन का अवसर दिया जाता है।
इसमें अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक समुदाय, 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग तथा अनाथ बच्चे शामिल हैं। साथ ही ऐसे परिवार जिनकी वार्षिक आय सभी स्रोतों से 72 हजार रुपये से कम है, उनके बच्चों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
जिला शिक्षा अधीक्षक सह अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, गढ़वा द्वारा ज्ञापांक 1349, दिनांक 19 अगस्त 2026 के तहत जारी सूचना में बताया गया है कि आरटीई नामांकन के द्वितीय चरण में स्कूल में 3 सीटें उपलब्ध हैं। इससे पहले प्रथम चरण में कुल 7 बच्चों का नामांकन कराया जा चुका है।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभिभावक निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर निकट के सुविधा केंद्र से लॉगिन कर आवेदन करना होगा।
0 Comments