गढ़वा: जन शिक्षण संस्थान (JSS) गढ़वा द्वारा कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर सफल प्रतिभाओं के सम्मान एवं प्रमाण-पत्र वितरण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद गढ़वा की अध्यक्षा शांति देवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्थान की प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष संगीता गोयल एवं सदस्य मथुरा राम मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। संस्थान के निदेशक प्रशांत कुमार मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया, वहीं प्रशिक्षणार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
निदेशक प्रशांत कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में युवाओं के जीवन में कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त माध्यम बताया। इसके बाद अंबा खोरिया एवं कांडी प्रखंड के कुशवाहा प्रशिक्षण केंद्र की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्य ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन संस्थान की प्रशिक्षणार्थी दीपांजलि कुमारी एवं नुजहत नाज ने किया। मुख्य अतिथि शांति देवी एवं अन्य अतिथियों ने विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शांति देवी ने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं को स्वावलंबी बनाने में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।
इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन कर प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों की सराहना की।
समारोह के अंत में कार्यक्रम पदाधिकारी राकेश कुमार पाठक ने सभी अतिथियों, मीडिया कर्मियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी बरखा कुमारी, चंदन कुमार पाल, सोशल मोबिलाइजर रूपेश कुमार, राहुल सिंह, मिथिलेश सिंह, आलोक कुमार सहित सभी प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में गढ़वा के अलावा धुरकी, कांडी, नावाडीह, डुमरों, मेराल सहित विभिन्न केंद्रों से सैकड़ों प्रतिभागी उपस्थित रहे।
0 Comments