धुरकी (गढ़वा)। प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, खुटिया में पहली बार किसी महिला सहायक आचार्य की पदस्थापना हुई है। शुक्रवार को नोमी कुमारी ने इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) के पद पर विद्यालय में अपना योगदान दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नोमी कुमारी का चयन झारखंड सरकार की नियुक्ति प्रक्रिया के तहत हुआ है। नियुक्ति पत्र प्राप्त होने के बाद उन्होंने सर्वप्रथम जिला शिक्षा अधीक्षक, गढ़वा कार्यालय में योगदान दिया। इसके पश्चात जिला शिक्षा अधीक्षक के निर्देशानुसार उन्हें उत्क्रमित मध्य विद्यालय, खुटिया में पदस्थापित किया गया।
राजकीय अवकाश के कारण निर्धारित तिथि पर विद्यालय में योगदान नहीं हो सका था। इसके बाद शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को उन्होंने विद्यालय पहुंचकर विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया।
विद्यालय में पहली महिला शिक्षिका के रूप में उनकी नियुक्ति को लेकर स्थानीय लोगों एवं विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि महिला शिक्षिका के आने से विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा और मार्गदर्शन को बढ़ावा मिलेगा तथा विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण और सुदृढ़ होगा। विद्यालय परिवार ने उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।
0 Comments