गढ़वा : शहर के चिरौजिया मोड़ स्थित राधिका नेत्रालय एक बार फिर जरूरतमंद मरीजों के लिए सहारा बनकर सामने आया। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में मोतियाबिंद से पीड़ित 33 मरीजों को निःशुल्क चश्मा वितरित किया गया। साथ ही मरीजों को आंखों की देखभाल, स्वच्छता और नियमित जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के दौरान नेत्रालय के संस्थापक सुशील कुमार ने बताया कि संस्थान लगातार मोतियाबिंद मरीजों के उपचार के लिए समर्पित है। यहां मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन किया जा रहा है, साथ ही ऑपरेशन के बाद दवा और चश्मा भी उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि नेत्रालय में नियमित रूप से आंखों की जांच की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि समय रहते मरीजों की पहचान और इलाज संभव हो सके।
उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन व्यक्तियों में मोतियाबिंद के लक्षण दिखाई दे रहे हैं, वे बिना किसी झिझक के नेत्रालय में आकर अपना निबंधन कराएं। जांच के बाद यदि मोतियाबिंद की पुष्टि होती है, तो उनका ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मरीजों को किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है, नेत्रालय द्वारा उपचार से लेकर देखभाल तक सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
0 Comments