गढ़वा : अखिल विश्व गायत्री परिवार, गढ़वा द्वारा गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न शक्तिपीठों एवं प्रज्ञा केंद्रों में गायत्री हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें गायत्री परिजनों ने अपने गुरु के प्रति समर्पण व्यक्त करते हुए युग निर्माण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही सवा लाख गायत्री जप के अनुष्ठान का भी संकल्प लिया गया।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर स्थानीय उत्सव गार्डेन के प्रशाल में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा समिति के बैनर तले जिलास्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के 50 शिक्षकों को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश मनोजचंद्र झा ने सभी शिक्षकों को सम्मानित किया। वहीं गायत्री मंदिर निर्माण में सहयोग के लिए पुष्पा श्रीवास्तव को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर डॉ. मुरली प्रसाद गुप्ता, प्रो. विवेकानंद उपाध्याय, संजय सोनी, विनोद पाठक, शशिशेखर गुप्ता, दयाशंकर गुप्ता एवं सरयू चंद्रवंशी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मनोजचंद्र झा ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले शिक्षक ही नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक एवं संस्कारों के निर्माता होते हैं। भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान भगवान से भी ऊंचा माना गया है, क्योंकि गुरु ही शिष्य को ईश्वर का बोध कराते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नैतिक मूल्यों के ह्रास के बीच गुरु परंपरा एवं भारतीय संस्कृति का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के संयोजक संजय सोनी ने परीक्षा की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि देशभर में 50 लाख से अधिक विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होते हैं। गढ़वा जिले में इस वर्ष पांच हजार विद्यार्थियों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में झारखंड सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा सभी जिलों के डीएसई एवं डीईओ को पत्र भेजा गया है, ताकि अधिक से अधिक विद्यालयों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान गुरु वंदना की प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। गुरु वंदना शिवपूजन व्यास, बीएसकेडी पब्लिक स्कूल की शिक्षिका कल्पना सोनी तथा महिला मंडल की शोभा पाठक, अनिता देवी, मीना कमलापुरी, पूनम चौबे एवं सुनंदा दूबे द्वारा प्रस्तुत की गई। वाद्ययंत्रों पर नंदू ठाकुर, अशोक विश्वकर्मा एवं अभिषेक ठाकुर ने संगत दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संतन मिश्र, महेंद्र कुमार, रंजीत केसरी, अशोक विश्वकर्मा, सूरजमल चौधरी, राजीव रंजन चौधरी, रीना कुमारी, शोभा सोनी, अनिल विश्वकर्मा, मिथिलेश कुशवाहा, गौतम विश्वकर्मा, अरुण प्रजापति, अनिल सोनी एवं डॉ. सुनील विश्वकर्मा सहित कई लोगों की सक्रिय भूमिका रही। समारोह का संचालन विनोद पाठक ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मुरली प्रसाद गुप्ता ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गायत्री परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
0 Comments