बरडीहा (गढ़वा) : सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मझिआंव के तत्वावधान में झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, बरडीहा में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ गोविंद प्रसाद सेठ के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में मेडिकल टीम द्वारा करीब 200 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया। साथ ही नेत्र सहायक द्वारा छात्राओं की आंखों की जांच भी की गई।
इस दौरान चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुलदेव चौधरी ने बताया कि जांच के क्रम में अधिकांश छात्राएं सर्दी-खांसी, बुखार, सिर दर्द, कान दर्द, चर्म रोग, पेट दर्द, उल्टी व दस्त जैसी समस्याओं से प्रभावित पाई गईं। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार और नियमित व्यायाम बेहद जरूरी है। पढ़ाई के साथ-साथ स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि बीमारियों से बचाव हो सके।
डॉ चौधरी ने जानकारी दी कि जिन बच्चों में सांस लेने में तकलीफ, बार-बार न्यूमोनिया, वजन न बढ़ना, अत्यधिक कमजोरी, शरीर के अंगों का नीला पड़ना या हृदय संबंधी लक्षण दिखाई देते हैं, उनके लिए 17, 18 और 19 जुलाई को निःशुल्क जांच एवं ऑपरेशन की व्यवस्था की गई है। इच्छुक अभिभावक या संबंधित व्यक्ति मोबाइल नंबर 9955441987 पर संपर्क कर सकते हैं।
मौके पर मेडिकल टीम में डॉ कुलदेव चौधरी, डॉ दीपनारायण यादव, नेत्र सहायक सरोज कुमारी, एमटीएस दिलीप गुप्ता, लैब टेक्नीशियन मो. कैफ अंसारी एवं फार्मासिस्ट संजर अंसारी शामिल रहे। कार्यक्रम में विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका कंचन कुमारी, शिक्षिका सरिता कुमारी, बबीता कुमारी व अंशु विश्वकर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
0 Comments