गढ़वा। झारोटेफ की प्रांतीय कमेटी के आह्वान एवं जिलाध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में 01 सितंबर 2026 को गढ़वा जिले के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने “पेंशन पुनर्बहाली दिवस” (OPS Restoration Day) के रूप में मनाया।
झारखंड में 01 सितंबर 2022 को पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की ऐतिहासिक उपलब्धि के चार वर्ष पूर्ण होने पर जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं कार्यालयों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर OPS की बहाली को अपने संघर्ष, त्याग एवं समर्पण की जीत बताया।
कार्यक्रम के दौरान केक काटकर चौथी पेंशन वर्षगांठ का उत्सव मनाया गया। साथ ही उपस्थित कर्मियों ने अपने अधिकारों के लिए आगे भी एकजुट रहने का संकल्प लिया। शिक्षकों ने राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक है।
इस अवसर पर यह भी संकल्प लिया गया कि OPS की उपलब्धि के बाद अब शिक्षक संवर्ग के लिए MACP, राज्य कर्मियों के लिए शिशु शिक्षण भत्ता, परिवहन भत्ता तथा सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष करने सहित लंबित मांगों की पूर्ति हेतु संघर्ष जारी रहेगा।
झारोटेफ जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि OPS की उपलब्धि अंत नहीं, बल्कि अन्य अधिकारों की प्राप्ति के लिए नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि एकजुटता ही शक्ति है और संघर्ष ही पहचान है।
कार्यक्रम में राजकीय कृत प्लस टू उच्च विद्यालय भवनाथपुर के प्राचार्य दिलीप कुमार उपाध्याय, उप प्राचार्य मोहम्मद मोकारिम, व्याख्याता रोहित कुमार सिंह, उदित नारायण चौबे, तेरेसा बाखला, प्रशांत कुमार तिवारी सहित कई शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
जिला कमेटी ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों को “पेंशन पुनर्बहाली दिवस” की शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
0 Comments