गढ़वा। आर्य समाज गढ़वा स्थित डीएवी मॉडल स्कूल की योग कक्षा में रविवार को योग साधकों द्वारा योग शिक्षक श्री सुशील केसरी को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 5:30 बजे से किया गया, जिसमें प्राणायाम, योग एवं विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान योग साधक श्री दिलीप कुमार शर्मा एवं धनंजय कुमार ने योग शिक्षक सुशील केसरी को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके पश्चात श्री ज्ञान प्रकाश केसरी, जयप्रकाश केसरी, योगेंद्र सोनी, अनुज प्रसाद केसरी, पूनम चंद कांन्सकार, शंकर प्रसाद सोनी, रमेश कुमार सोनी, शत्रुघ्न अग्रवाल एवं रामप्रवेश कुशवाहा ने संयुक्त रूप से शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं मधु केसरी, माला केसरी, पुष्पा गुप्ता, विभा प्रकाश, किरण गुप्ता, रेणु देवी, हेवंती देवी, सरिता देवी, गुप्तेश्वर सोनी एवं कमलेश केसरी ने उपहार भेंट कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर योग साधकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। दिलीप कुमार शर्मा ने बताया कि नियमित योग से उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है और वे पूर्णतः स्वस्थ हैं। जयप्रकाश केसरी ने कहा कि योग के माध्यम से उनका शुगर नियंत्रण में आ गया है, घुटनों का दर्द समाप्त हो गया है तथा वजन में भी कमी आई है। धनंजय कुमार ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से उन्हें निरंतर लाभ मिल रहा है।
पूनम चंद कांन्सकार ने बताया कि योग के कारण उनकी सभी दवाइयां छूट गई हैं और अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। किरण गुप्ता एवं रेणु देवी ने भी बताया कि नियमित योग से उनका वजन नियंत्रित है तथा शुगर और बीपी सामान्य बना हुआ है।
अंत में योग शिक्षक सुशील केसरी ने सभी योग साधकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है।
0 Comments