Ticker

6/recent/ticker-posts

संकुल दूधवल में शिक्षक दिवस पर सम्मान और प्रेरणा का भव्य संगम, उत्कृष्ट शिक्षक व मेधावी छात्र-छात्राएँ हुए सम्मानित

रंका (गढ़वा)।संकुल संसाधन केंद्र, उर्दू मध्य विद्यालय दूधवल में शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संकुलाधीन विद्यालयों के उत्कृष्ट विद्यालय, सर्वश्रेष्ठ शिक्षक एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उर्दू प्लस टू उच्च विद्यालय बान्दू चुतरू, रंका के संकुल साधन सेवी सह संकुल प्रभारी  देवेंद्र नाथ उपाध्याय ने अपने संबोधन में भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् एवं भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए उनके जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन का मार्गदर्शक एवं चरित्र निर्माता होता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक की वास्तविक पहचान उसके विद्यार्थियों की सफलता एवं संस्कारों से होती है। सभी शिक्षकों को अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मध्य विद्यालय बाराडीह के प्रधानाध्यापक मोहम्मद मोहसिन को उत्कृष्ट विद्यालय पुरस्कार प्रदान कर प्रशस्ति पत्र, डायरी, पेन एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेलवादामर के प्रधानाध्यापक  तनवीर आलम को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें शॉल, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र, डायरी एवं पेन प्रदान किया गया।
आठवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया, जिनमें हाजरा खातून (उर्दू उच्च विद्यालय दूधवल), अंकित कुमार (मध्य विद्यालय बेलवादामर) एवं नाजिया खातून (उत्क्रमित मध्य विद्यालय बाहोकुदर) शामिल हैं। सभी विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं इंस्ट्रूमेंट बॉक्स प्रदान किया गया।
संकुल साधन सेवी चंद्रमौली कांत तिवारी ने शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी शिक्षकों को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को डायरी एवं पेन देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक  विनोद कुमार राम ने किया। समारोह में  अनीस अंसारी, जनार्दन प्रसाद सिंह, शकील अहमद, इम्तियाज अंसारी, कमाल मुस्तफा, जगन्नाथ राम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी रहा। अंत में समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Post a Comment

0 Comments