Ticker

6/recent/ticker-posts

डेंगू-चिकनगुनिया पर वार, रंका मोड़ पर रेड क्रॉस का जागरूकता अभियान

गढ़वा।भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा गढ़वा के तत्वावधान में गुरुवार शाम रंका मोड़ पर डेंगू एवं चिकनगुनिया से बचाव को लेकर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेड क्रॉस के सदस्यों ने आम लोगों के बीच हैंडबिल वितरित कर मच्छरजनित बीमारियों के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन सोसाइटी के वाइस चेयरमैन विनोद कमलापुरी ने किया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि डेंगू व चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए पहले से सतर्क रहना आवश्यक है। केवल बीमारी फैलने के बाद नहीं, बल्कि पूर्व में ही सावधानी बरतने से इन रोगों को रोका जा सकता है।
अभियान के दौरान लोगों को घर व आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा नहीं होने देने तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। सदस्यों ने बताया कि कूलर, गमले, टायर व अन्य बर्तनों में जमा पानी मच्छरों के पनपने का मुख्य कारण है, इसलिए इनकी नियमित सफाई जरूरी है। साथ ही पानी की टंकियों को ढककर रखने, मच्छरदानी व रिपेलेंट का उपयोग करने और पूरी बांह के कपड़े पहनने की सलाह दी गई।
लोगों को यह भी बताया गया कि बुखार, सिरदर्द, शरीर व जोड़ों में दर्द जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। आसपास किसी व्यक्ति में डेंगू या चिकनगुनिया की पुष्टि होने पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चेयरमैन डॉ. मुरली प्रसाद, सचिव डॉ. जे.पी. सिंह, कोषाध्यक्ष रामनारायण प्रसाद, जिला एडमिन अमन गुप्ता, लाइफ मेंबर रघुवीर प्रसाद, विनोद गुप्ता, एम.पी. केशरी, मनोज केसरी, मुकेश ठाकुर, सुजीत कुमार सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को समय रहते जागरूक कर मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को मजबूत किया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments