Ticker

6/recent/ticker-posts

तीन दिन में टप्पू रजवार हत्याकांड का खुलासा, प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

गढ़वा। जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनी गांव में हुए टप्पू रजवार हत्याकांड का पुलिस ने महज तीन दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने सुनील रजवार, उसके पिता रामप्यारी रजवार तथा मां मनमतिया देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसडीपीओ दिल्लु लोहरा ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 18 अगस्त को एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। गहन जांच और साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला है।
पुलिस के अनुसार, मृतक टप्पू रजवार का सुनील रजवार की भतीजी के साथ करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। घटना की रात टप्पू नशे की हालत में युवती के घर पहुंचा और शादी का दबाव बनाने लगा। इसी दौरान सुनील रजवार, उसके पिता और मां ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments