Ticker

6/recent/ticker-posts

13 वर्षों में तीन लाख से अधिक लोगों को तिरंगा बांट चुके ‘तिरंगा वाले’ शौकत खान

गढ़वा। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व पूरे देश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उत्साह चरम पर है। इसी क्रम में गढ़वा जिले में भी देशभक्ति का माहौल देखते ही बन रहा है। जिले में पिछले 13 वर्षों से तिरंगा के प्रति जनजागरण का कार्य कर रहे ‘तिरंगा वाले’ शौकत खान एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज में लोगों में देशभक्ति की भावना जगा रहे हैं।
शौकत खान अब तक तीन लाख से अधिक नागरिकों के बीच तिरंगा वितरण कर चुके हैं। वे भारतीय सेना, झारखंड पुलिस एवं शहीदों के सम्मान में लगातार राष्ट्रीय तिरंगा सम्मान समारोह आयोजित करते आ रहे हैं। उनके इस अभियान को देशभर में सराहना और सम्मान मिल रहा है।
इसी कड़ी में सोमवार को शौकत खान गढ़वा के कल्याणपुर स्थित बिरसा मुंडा पार्क के समीप पहुंचे, जहां छोटे-छोटे बच्चे स्केटिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। बच्चों के अद्भुत कौशल और उनके गुरु के समर्पण से प्रभावित होकर उन्होंने वहीं ‘राष्ट्रीय तिरंगा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया।
कार्यक्रम के दौरान शौकत खान ने स्केटिंग प्रशिक्षक योगेश कुमार एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ये बच्चे देश का भविष्य हैं और ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों व उनके गुरु पर पूरे गढ़वा जिले को गर्व है।
सम्मान पाकर स्केटिंग कोच योगेश कुमार ने कहा कि उनके प्रशिक्षु बच्चे राज्य स्तर तक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले और राज्य का नाम रोशन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अचानक इस प्रकार के सम्मान समारोह का आयोजन उनके लिए गर्व का क्षण है, जिससे बच्चों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
तिरंगा प्राप्त करते ही बच्चों का उत्साह देखने लायक था। बच्चों ने स्केटिंग के दौरान अपने हैरतअंगेज हुनर का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और शौकत खान की देशभक्ति भावना की सराहना की।
इस अवसर पर शौकत खान के पुत्र साजिद खान की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। शौकत खान ने अभिभावकों को भी तिरंगा भेंट कर सम्मानित किया। अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों में देशभक्ति की भावना जागृत करने वाला बताया।

Post a Comment

0 Comments