Ticker

6/recent/ticker-posts

भारत सदैव याद रखेगा डॉ. श्यामा प्रसाद का त्याग और बलिदान : डॉ. पातंजली

गढ़वा। भारतीय जनता पार्टी के चिनिया मंडल कार्यालय में सोमवार को जनसंघ के संस्थापक  की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के बाद भाजपा की बैठक आयोजित कर संगठन की मजबूती को लेकर समीक्षा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा जिला मंत्री डॉ. पातंजली केशरी, मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार प्रसाद एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष शिवलाल सिंह सहित अन्य नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए भाजपा जिला मंत्री सह चिनिया मंडल प्रभारी डॉ. पातंजली केशरी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अखंड भारत के सच्चे समर्थक थे। उन्होंने वर्ष 1951 में जनसंघ की स्थापना कर राष्ट्रवाद की मजबूत नींव रखी। वे देश के पहले उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री रहे और एक कुशल राजनीतिज्ञ, विद्वान तथा राष्ट्रभक्त थे। उन्होंने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया और देशहित में मंत्रिमंडल से इस्तीफा तक दे दिया। उनका जीवन त्याग और बलिदान की मिसाल है, जिसे देश सदैव याद रखेगा।
मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार प्रसाद ने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेगा” का नारा डॉ. मुखर्जी ने ही दिया था। वे जम्मू-कश्मीर को पूर्ण रूप से भारत का अभिन्न अंग बनाना चाहते थे। उन्होंने कश्मीर में विशाल रैली के दौरान संकल्प लिया था कि या तो वे भारतीय संविधान को वहां लागू कराएंगे या फिर इस उद्देश्य के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर देंगे।
पूर्व मंडल अध्यक्ष शिवलाल सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक महान क्रांतिकारी नेता थे। उन्होंने तुष्टिकरण की राजनीति का हमेशा विरोध किया। उनके प्रयासों से ही हैदराबाद का भारत में विलय संभव हुआ। साथ ही उन्होंने देश के औद्योगिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्रिका सिंह, जमेदार परहिया, शीतल विश्वकर्मा, भोला पासवान, सुरेंद्र सिंह, संदीप कुमार पटवा, हरिद्वार चंद्रवंशी, अयोध्या यादव, गोपाल यादव, केश्वर यादव, सुभाष यादव, राजरूप साव, बनवारी प्रसाद गुप्ता, जगदीश सिंह, उमेश यादव, संजय पासवान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments