Ticker

6/recent/ticker-posts

मेराल में खेलो इंडिया अस्मिता वूमेन सिटी लीग (साइक्लिंग) 2026 का भव्य आयोजन, 300 से अधिक महिला खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण

गढ़वा। मेराल में खेलो इंडिया अस्मिता वूमेन सिटी लीग (साइक्लिंग) 2026 का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए अब तक 300 से अधिक महिला खिलाड़ियों ने अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया है, जिससे आयोजन को लेकर उत्साह चरम पर है।
इस प्रतियोगिता में सब जूनियर यूथ गर्ल्स, जूनियर गर्ल्स एवं वूमेन एलिट वर्ग की प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा आयोजित होगी। सभी वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली विजेता महिला खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए महिला खिलाड़ियों को शुक्रवार तक पंजीकरण का अवसर उपलब्ध रहेगा। यह आयोजन भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा प्रायोजित तथा साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार देशभर में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए शारीरिक शिक्षक सुशील कुमार तिवारी को आयोजन प्रभारी नियुक्त किया गया है। गढ़वा जिला साइकिलिंग संघ के देखरेख में अनुभवी तकनीकी अधिकारियों द्वारा प्रतियोगिता संपन्न कराई जाएगी। अतिथियों को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी संघ के सचिव अरविंद दुबे एवं कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता को सौंपी गई है।
कार्यक्रम में झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव सह साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव शैलेंद्र पाठक विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व गढ़वा जिले में पांच साइक्लिंग प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं। यह छठा आयोजन भी भव्य एवं आकर्षक रूप में संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है। आयोजन को सफल बनाने के लिए गढ़वा जिला साइकिलिंग संघ ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं महिला खिलाड़ियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
इस संबंध में जानकारी गढ़वा जिला साइकिलिंग संघ एवं आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने दी।

Post a Comment

0 Comments