Ticker

6/recent/ticker-posts

बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय को एनएसएस इकाई की मिली मंजूरी, 100 स्वयंसेवकों का होगा नामांकन

गढ़वा। बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय, गढ़वा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। क्षेत्रीय निदेशालय, राष्ट्रीय सेवा योजना (रा.से.यो.), पटना (बिहार) द्वारा भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत विश्वविद्यालय में स्व-वित्तपोषित (Self-Finance) राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की एक इकाई की स्थापना एवं संचालन को मंजूरी प्रदान की गई है।
इस स्वीकृति के बाद विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से समाज सेवा, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, एनएसएस इकाई के माध्यम से स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं मतदाता जागरूकता जैसे कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति दिनेश प्रसाद सिंह, प्रतिकुलाधिपति पवन कुमार, कुलपति प्रो. (डॉ.) एम. के. सिंह एवं कुलसचिव डॉ. गोकुल आचार्य ने क्षेत्रीय निदेशालय, राष्ट्रीय सेवा योजना, पटना तथा भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस इकाई की स्थापना से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व कौशल का विकास होगा, जो समाज के समग्र विकास में सहायक साबित होगा।
प्रेस वार्ता के दौरान कुलपति प्रो. (डॉ.) एम. के. सिंह ने जानकारी दी कि इस वर्ष विश्वविद्यालय को एनएसएस की एक इकाई की मान्यता मिली है, जिसके अंतर्गत 100 स्वयंसेवकों का नामांकन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एनएसएस इकाई के गठन एवं स्वयंसेवकों के पंजीकरण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इससे जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।

Post a Comment

0 Comments