गढ़वा।मातृत्व दिवस के अवसर पर लायंस क्लब ऑफ गढ़वा ग्रीन के तत्वावधान में शहर के नवादा मोड़ स्थित बंधन मैरेज हॉल में रविवार को भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माता और पिता दोनों की भूमिका निभाने वाली सुनीता केशरी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने मां की ममता, त्याग और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इस अनमोल रिश्ते को सहेज कर रखने का संदेश दिया। कई लोगों ने अपनी मां के साथ बिताए गए सुख-दुख के क्षणों को साझा करते हुए भावुक स्मृतियां भी व्यक्त कीं।
इस अवसर पर आर.पी. एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के निदेशक सह भाजपा नेता डॉ. पातंजली केशरी ने कहा कि मां जगत जननी है और सृष्टि की आधारशिला है। मां की ममता को उन्होंने “पुण्य कलश” बताते हुए कहा कि इसमें जीवन की ज्योति और अमृत रस समाहित है। उन्होंने कहा कि समय का चक्र चलता रहेगा, लेकिन मां के रिश्ते की तुलना किसी अन्य रिश्ते से नहीं की जा सकती। भगवान राम और कृष्ण जैसे अवतारों ने भी मां के स्नेह को सर्वोपरि माना है।
डॉ. केशरी ने हाल ही में जबलपुर में हुई नाव दुर्घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक मां ने अंतिम सांस तक अपने बच्चे को सीने से लगाए रखा, जो मातृत्व की सर्वोच्च मिसाल है। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े संत, महात्मा और ऋषियों ने भी मां को ईश्वर के समान स्थान दिया है।
रविंद्र जायसवाल ने कहा कि बच्चों को बचपन से ही मां के प्रति सम्मान और आदर का भाव रखना चाहिए। मां ही जीवन की पहली गुरु होती है, इसलिए बच्चों को प्रतिदिन स्कूल जाने से पहले मां का आशीर्वाद लेना चाहिए। उन्होंने माताओं से अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रखते हुए संस्कारयुक्त शिक्षा दें, ताकि वे समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।
अमित कश्यप ने कहा कि मां के स्नेह और दुलार का वर्णन शब्दों में संभव नहीं है। उनकी दुआओं में जो सुकून मिलता है, वह स्वर्ग के समान है। उन्होंने कहा कि पियूष केशरी की सफलता के पीछे उनकी मां सुनीता केशरी का महत्वपूर्ण योगदान है, जो सभी के लिए प्रेरणा है।
कार्यक्रम में पार्वती सिंह, संगीता जायसवाल, खुशबू सोनी, गजाला सिद्दिकी, विजय सोनी, आनंद कुमार, संतोष अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, विनय कश्यप, सोनू सिंह, दिलीप अग्रवाल, रमेश कुमार, दिव्य प्रकाश, मनोज संसाई, उमाकांत पांडेय, जयशंकर ब्रेजियर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
0 Comments