गढ़वा। जिला शिक्षा परियोजना, गढ़वा के तत्वावधान में आयोजित 65वीं जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट 2026–27 का भव्य आयोजन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय, गढ़वा स्थित फुटबॉल स्टेडियम में खेल भावना, अनुशासन एवं उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला शिक्षा पदाधिकारी जगन्नाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज, एडीपीओ सह जिला खेल पदाधिकारी कुलदीपक अग्रवाल तथा फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास तथा स्वस्थ जीवन शैली विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में जिले के 20 प्रखंडों से आई अंडर-17 बालक वर्ग की टीमों ने भाग लेकर अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं संघर्षशीलता का परिचय दिया। पूरे दिन चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिससे स्टेडियम में उपस्थित दर्शकों ने भी उत्साहपूर्वक खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला आर.के. प्लस टू हाई स्कूल, रंका एवं प्रोजेक्ट प्लस टू हाई स्कूल, बरगढ़ के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित समय तक चले मुकाबले में रंका की टीम ने बेहतरीन तालमेल, मजबूत रक्षा पंक्ति एवं सटीक आक्रमण के दम पर 1–0 से शानदार जीत दर्ज करते हुए अंडर-17 बालक वर्ग का जिला चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। अंतिम सीटी बजते ही खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
समापन समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी जगन्नाथ लोहरा एवं क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी अनूप कुमार कामती ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर तथा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने दोनों टीमों को बधाई देते हुए आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र नाथ उपाध्याय, सुशील कुमार तिवारी, आलोक श्रीवास्तव, अजय कांत, शंकर पाल, प्रदीप सिंह, शमशाद अहमद, रोशनदीप टोप्पो सहित सभी प्रतिनियुक्त शारीरिक शिक्षा शिक्षकों, खेल पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा। सभी के समन्वित प्रयासों से यह प्रतियोगिता सफल एवं यादगार रूप में संपन्न हुई।
0 Comments